दुर्ग। जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से नशीली टेबलेट बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से अपने घर के सामने ही प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 52 हजार रुपये मूल्य की 16.12 ग्राम नशीली टेबलेट जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़े :- मानसून की देरी से मोंगरा बैराज खाली, खेतों और पेयजल पर खतरा
पुलिस के अनुसार, नेवई थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भिलाई के स्टेशन मरोदा स्थित शिवपारा शीतला तालाब के पास रहने वाला एक युवक अपने घर के सामने अवैध रूप से नशीली टेबलेट बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 22 वर्षीय सुजल सिंह को संदिग्ध गतिविधियों के बीच पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से ALPRAZOLAM TABLET I.P. 0.5 mg (ALPRAWIN 0.5) की कुल 13 पत्तियां बरामद हुईं। जब्त टेबलेट का कुल वजन 16.12 ग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 52 हजार रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी काफी समय से क्षेत्र में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री कर रहा था। वह अपने घर के सामने ही ग्राहकों को टेबलेट उपलब्ध कराता था, जिससे आसपास के युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की आशंका बढ़ रही थी।
जब्त प्रतिबंधित दवा को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।



