कोरबा, 16 जून। BJP Leader Attack : जिले में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब भाजपा नेता एवं पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर कथित रूप से दिनदहाड़े हमला कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, शिव बालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मुलाकात करने जिला जेल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रज्जाक अली से हुई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान भतीजे का साथ देने और उससे जुड़े मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि हमलावरों ने रॉड, डंडे और बेसबॉल स्टिक से हमला किया, जिससे शिव बालक सिंह तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान तलवार लाने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती, नेताओं का जमावड़ा
हमले में घायल शिव बालक सिंह तोमर को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में नाराजगी देखी जा रही है। पार्टी पदाधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में शामिल रज्जाक अली समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
रज्जाक अली का पक्ष भी आया सामने
दूसरी ओर, रज्जाक अली ने पूरे विवाद को महिला संबंधी मामले से जुड़ा बताते हुए कहा है कि महिलाओं के साथ गलत व्यवहार होने पर वह चुप नहीं बैठेंगे। पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है।



