गाजियाबाद। चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह एनकाउंटर इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच हुई गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, असद का एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
यह भी पढ़े :- लोहे का छल्ला, काली उड़द और घोड़े की नाल… शनि कृपा पाने के लिए किए जाते हैं ये उपाय
पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने एक परिचित से पैसे लेने के लिए खोड़ा क्षेत्र आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान असद अपने साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रुकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में असद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और बाइक बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
इस बीच मृतक सूर्या चौहान की मां सरोज ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की निर्मम हत्या की गई थी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और फरार साथी की तलाश जारी है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।



