बीजापुर। भीषण गर्मी के बीच बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने बीजापुर और उसूर विकासखंड के 33 अंदरूनी गांवों का चार दिवसीय व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष स्कूल, अस्पताल, सड़क, स्वच्छ पेयजल, बिजली, आंगनबाड़ी केंद्र और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को प्रमुखता से उठाया। कई गांवों में आज भी बुनियादी ढांचे के अभाव को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी और चिंता व्यक्त की।
ग्रामीणों की समस्याओं पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने आश्वस्त किया कि सभी मांगों को राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा और इनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को आजीविका के लिए बाहर पलायन न करना पड़े।
चार दिवसीय दौरे के बाद सामने आई जमीनी हकीकत
दौरे के समापन पर विधायक मंडावी ने कहा कि उसूर और गंगालूर क्षेत्र की कई पंचायतों में आज भी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी बनी हुई है। ग्रामीण लगातार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर सरकार तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
33 गांवों में पहुंचकर लिया फीडबैक
चार दिनों के दौरान विधायक ने पेदाकोरमा, पालनार, सावनार, तोड़का, ईतवार, कोरचोली, पुसानार, कावड़गांव, हिरमगुंडा, मुदवेंडी, पीड़िया, डोडीतुमनार, गमपुर, पेदागेलूर, गोमगुड़ा, पालागुड़ा, कंचाल, गंडाराजगुड़ा, एर्रापल्ली कंचाल, मेटागुड़ा दोरली, मंगलतोंग, रासपल्ली उड़तामल्ला, यमपुर उड़तामल्ला, सापेड़ पुजारी कांकेर, बड़े तर्रेम, पोलमपल्ली, कोंजेर गगनपल्ली, नरसापुर गगनपल्ली, टेकुलगुड़ा, मुरकीपाड़ गगनपल्ली, गुण्डाम कोत्तागुड़ा पुसबाका, पुसबाका और चिपुरभट्टी सहित कई गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही सक्रिय
इस दौरे के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, उसूर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य मनोज अवलम, सुनील उद्दे, ब्लॉक अध्यक्ष मंगल राना, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी, भीमा कट्टम, पुरुषोत्तम खत्री, जनपद सदस्य अनिता तेलम, राजेश वासम, अरुण वासम और महेश मोडियम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।