रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बाद अब दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी आग्रह किया गया है।
यह भी पढ़े :- नक्सलवाद पर कांग्रेस ने नहीं दिया सहयोग, झूठ बोलने में माहिर : CM साय
रायपुर को मिली 54 नई डायल-112 गाड़ियों की सौगात
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने रायपुर को 54 नई डायल-112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों की सौगात दी। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब डायल-112 पर कॉल करते ही पुलिस पहले से अधिक तेजी से मौके पर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि पूरे सिस्टम को C-DAC की एडवांस टेक्नोलॉजी से मॉनिटर किया जाएगा। कॉल आते ही संबंधित व्यक्ति की लोकेशन तुरंत ट्रेस होगी, जिससे आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
हाईटेक कैमरे और लाइव मॉनिटरिंग से होगी निगरानी
विजय शर्मा ने कहा कि नई डायल-112 गाड़ियों में हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं और कमांड सेंटर से उनकी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई गाड़ियां आज से ही सेवा में शामिल कर दी गई हैं। इसके लिए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताया।
अब ड्रोन पेट्रोलिंग सिस्टम पर भी काम
डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य में जल्द ही ड्रोन पेट्रोलिंग सिस्टम पर भी काम शुरू किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक कस्टमाइज लोकेशन पर ड्रोन भेजे जाएंगे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिसिंग को स्मार्ट और प्रभावी बनाया जा रहा है।



