रायपुर। राजधानी रायपुर में सामान्य प्रशासन विभाग (GA Department) के नाम पर फर्जी नियुक्ति आदेश जारी करके नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़े :- रायपुर कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल: 136 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, SI-ASI भी शामिल
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब 34 पीड़ितों से लगभग 1.5 करोड़ रुपये की ठगी की। दोनों आरोपियों ने नवा रायपुर स्थित सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव और उप-सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार किए और उन्हें व्हाट्सएप के जरिए वायरल कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- राजेश शर्मा (शासकीय शिक्षक)
- मनोज कुमार श्रीवास्तव (प्राइवेट स्कूल क्लर्क)
दोनों मूल रूप से डोंगरगढ़ के निवासी हैं। पुलिस जांच में पता चला कि आर्थिक तंगी के कारण दोनों ने मिलकर यह फर्जीवाड़ा रचा। उन्होंने कंप्यूटर और प्रिंटर की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार किए और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लुभाया।
शिकायतकर्ता राजपाल बघेल की रिपोर्ट पर थाना राखी में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर सेट और प्रिंटर जब्त कर लिए हैं।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की छानबीन कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश भी जारी है।



