रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में एटीएम से चोरी की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। गेरवानी स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम में एक युवक गैस कटर से मशीन काटकर नकदी निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़े :- उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में बड़े पैमाने पर जंगल कटाई, 1 लाख पेड़ काटे गए
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 3 बजे पुलिस को एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। गश्त टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक युवक मशीन को गैस कटर से काट रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर 29 वर्षीय पंकज कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से गैस कटर बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के डूबरीडीह गांव का रहने वाला है और गेरवानी क्षेत्र में रह रहा था। पहले वह प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उसने चोरी की योजना बनाई। पहचान छिपाने के लिए उसने चेहरे पर काला स्प्रे किया और रेनकोट पहनकर वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।
इस घटना में एटीएम मशीन को करीब 3.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि समय पर पुलिस के पहुंचने से कैश सुरक्षित बच गया। इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
वहीं, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई में शामिल आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद इनाम देकर सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं।



