गरियाबंद। जिले में तस्करों ने गांजा तस्करी का अनोखा तरीका अपनाया है। मोहतरा से अतरमरा के बीच स्थित फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर में गांजे से भरे 17 पैकेट बहते हुए मिले हैं। लोगों ने नहर में पैकेट बहते देखकर तुरंत सूचना दी। सूचना मिलते ही पाण्डुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाकर एक-एक कर कुल 17 पैकेट बरामद किए।
यह भी पढ़े :- Leakage Induction Furnace : इंडक्शन फर्नेस में रिसाव…! बड़ा हादसा टला…जांच के बाद यूनिट अस्थायी रूप से बंद
प्राथमिक जांच में इन पैकेटों में करीब 68 किलो से अधिक गांजा होने की संभावना जताई गई है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। यह घटना पाण्डुका थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित नहर की है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तस्कर पुलिस की नजर बचाने के लिए गांजे के पैकेट नहर में फेंककर भाग गए। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या तस्करों ने नहर को गांजा परिवहन का नया रास्ता बना लिया है।
मामले की जांच के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पाण्डुका थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही तस्करों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।



