रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमला कर लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक युवक और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
यह भी पढ़े :- विदेशी फंडिंग केस पर सियासी घमासान! दीपक बैज का आरोप- ‘ईडी की कार्रवाई BJP का राजनीतिक प्रोपेगेंडा
घटना 21-22 अप्रैल 2026 की रात रावांभाठा मेटल पार्क क्षेत्र की है, जहां ट्रक चालक शेख जहांगीर अपने ट्रक में सो रहा था। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में चालक के पैर, घुटने और हाथ में चोट आई। आरोपियों ने उससे 10,000 रुपये लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर खमतराई थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमरदास को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ लिया। तीनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से कुछ हिस्सा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 04 QU 0427) तथा चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



