रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने वाले कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकाने पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की संपत्ति का खुलासा किया है। गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की करीब 10 टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में उसके मकान पर छापा मारा। सर्च के दौरान पुलिस को घर से 5 महंगी कारें—जिनमें बीएमडब्ल्यू और क्रेटा जैसी गाड़ियां शामिल हैं—के साथ ही शहर में कई संपत्तियों की जानकारी मिली।
यह भी पढ़े :- Excise Constable : छत्तीसगढ़ में 200 आबकारी आरक्षकों की भर्ती…! नवा रायपुर से आदेश जारी…पूरी लिस्ट यहां
जांच में सामने आया कि रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब 1 एकड़ जमीन भी आरोपी और उसके परिवार के नाम पर है। पुलिस को छापे के दौरान घर में बाबू और उसके भाई करण की पत्नियां व उनकी मां मिलीं। वहीं अब पुलिस ने बाबू, करण और उनके पिता के बैंक खातों के लेन-देन की जांच शुरू कर दी है। जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों भाई ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए 50 से ज्यादा आईडी का इस्तेमाल करते थे और म्यूल अकाउंट के जरिए ट्रांजेक्शन करते थे।
बताया जा रहा है कि बाबू पहले महादेव बुक ऐप से जुड़ा था, बाद में उसने अपना अलग नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस अब बाबू खेमानी और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। गौरतलब है कि पहले कबीर नगर में सट्टे पर कार्रवाई के दौरान इस बड़े रैकेट का सुराग मिला था, जिसमें उसका चचेरा भाई भी गिरफ्तार हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



