रायपुर। राजधानी रायपुर में दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी B.Tech डिग्रीधारी है और शहर के अलग-अलग इलाकों से एक दर्जन से अधिक बाइक चोरी कर चुका था।
यह भी पढ़े :- सरकार के दो आदेशों से साफ, सरकार अफीम के नशे में चल रही – दीपक बैज
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल वर्मा (33), निवासी खरोरा, को गिरफ्तार किया है।
13 चोरी की बाइक बरामद
पूछताछ में आरोपी ने रायपुर शहर के विभिन्न इलाकों से 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सभी 13 बाइक बरामद कर ली हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5.5 लाख रुपए बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि बरामद 11 वाहनों के संबंध में सिविल लाइन, पंडरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डीडी नगर, देवेंद्र नगर, मौदहापारा और पुरानी बस्ती थानों में पहले से अपराध दर्ज हैं।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल वर्मा आदतन अपराधी है और वर्ष 2023 में भी 40 बाइक चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
CCTV और तकनीकी जांच से मिली सफलता
वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी, जो CCTV फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लगातार जांच कर रही थी। इसी दौरान आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने में सफलता मिली।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



