रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा नरेंद्र मोदी पर दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता निम्न स्तर की राजनीति कर रहे हैं और इस प्रकार की भाषा लोकतंत्र के साथ-साथ देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जीवित पैंगोलिन बरामद; दो संदिग्ध हिरासत में, तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
साव ने कहा कि देश के चुने हुए प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस की गिरती साख को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद और अलगाववाद के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं।
धर्मांतरण के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के लिए गंभीर चुनौती है। पूर्व में सामने आए मामलों पर सरकार ने सख्ती से कार्रवाई की है और अब इस दिशा में और प्रभावी कदम उठाते हुए सख्त कानून विधानसभा से पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि कानून के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है और इस विषय में जागरूकता लगातार बढ़ रही है।
रसोई गैस आपूर्ति को लेकर साव ने कहा कि केंद्र सरकार की योजना के तहत अब पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर गैस पहुंचाने की दिशा में काम तेज किया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है और कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में लोगों को सिलेंडर के उपयोग और ढुलाई की परेशानी से राहत मिलेगी, साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी और लागत में भी कमी आएगी।



