महासमुंद। जिले के रेहटीखोल नाका (NH-353) पर पुलिस चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में एक यात्री बस से 600 नग चांदी के पायल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 46.68 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- बीजापुर में स्कूल भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, घटिया निर्माण पर काम रोका गया
जानकारी के अनुसार, ओडिशा की ओर से आने वाले वाहनों की नियमित जांच के दौरान श्री श्याम ट्रैवल्स की बस को रोका गया। तलाशी के दौरान एक यात्री संदिग्ध हालत में पाया गया, जो नीले रंग का पिट्ठू बैग लेकर यात्रा कर रहा था।
पूछताछ में उसने अपना नाम राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58 वर्ष), निवासी कटक (ओडिशा) बताया। जब उसके बैग की गहन जांच की गई तो उसमें तीन प्लास्टिक डिब्बों में रखे 600 नग चांदी के पायल बरामद हुए। इनका कुल वजन 18.590 किलोग्राम था।
पुलिस ने जब आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद BNS की धारा 94 के तहत कार्रवाई करते हुए चांदी के जेवर जब्त कर लिए गए।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए चांदी के पायलों की कीमत लगभग 46,68,090 रुपये आंकी गई है। मामले की जानकारी आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI), छत्तीसगढ़ को आगे की जांच के लिए भेज दी गई है।



