रायपुर/सक्ति। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई गांव स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण ब्लास्ट के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। आज रविवार सुबह रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती एक और मजदूर ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़े :- जहां गूंजती थीं गोलियां, अब गूंजेगा बल्ला: दंतेवाड़ा पहुंचेंगे सचिन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इससे पहले शनिवार को राजधानी रायपुर में दो मजदूर—किस्मत अली और उपेंद्र साह—की मौत हुई थी, वहीं रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती सुब्रोतो जना ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार सुबह करीब 7 बजे झारखंड निवासी मनीष कुमार की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में अब तक कुल 24 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 11 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
लापरवाही के आरोप, 19 के खिलाफ मामला दर्ज
प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन की लापरवाही की बात सामने आई है। इस मामले में कंपनी के निदेशक अनिल अग्रवाल सहित 19 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है।
दिल्ली से पहुंची तकनीकी जांच टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से 21 सदस्यीय तकनीकी जांच टीम मौके पर पहुंची है। टीम प्लांट में ब्लास्ट के कारणों की तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं से गहन जांच कर रही है।
मीडिया के प्रवेश पर रोक
जांच के दौरान प्लांट परिसर में मीडिया के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो।
रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी टीम की रिपोर्ट बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही प्लांट प्रबंधन की भूमिका और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



