बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रतनपुर थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 245 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़े :- लोकसभा में गिरा महिला आरक्षण बिल: 298 वोट मिले, फिर भी नहीं जुटा दो-तिहाई बहुमत
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मारुति अर्टिगा (क्रमांक CG 04QD 7255) में भारी मात्रा में गांजा कटघोरा से मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा को अवगत कराया गया और तत्काल घेराबंदी की योजना बनाई गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर नवापारा चौक भेड़ीमुड़ा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखा गया 245 किलो गांजा बरामद किया गया। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा कार (अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये) को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ रतनपुर थाना में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में रतनपुर थाना पुलिस, एसीसीयू टीम और अन्य पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।



