रायपुर। राजधानी में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस ने एक आरोपी को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़े :- जनगणना 2027: मुख्यमंत्री साय ने ऑनलाइन स्व-गणना कर अभियान का किया शुभारंभ
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अवैध हथियार रखने और उनकी खरीदी-बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 को गुढ़ियारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गोंदवारा अंडर ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित उईके उर्फ छोटा भाऊ (26 वर्ष), निवासी प्रेम नगर, गुढ़ियारी बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को वर्ष 2022 में भी देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



