जगदलपुर (बस्तर) – बस्तर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को गोयल धर्मशाला में छिपे तस्करों की सूचना मिली और तुरंत दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 54 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 26 लाख 97 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- आधा नोट, सीरियल नंबर का झांसा… और 35 लाख साफ! रायपुर में हवाला कनेक्शन का खुलासा
सूचना के अनुसार, बोधघाट थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से खबर मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गोयल धर्मशाला में ठहरे हुए हैं और गांजा तस्करी में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत छापा मारा और सभी आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
बबलू कुशवाहा (राजस्थान)
श्रीनिवास (राजस्थान)
देशराज कुशवाहा (राजस्थान)
पंकज उपरेती (उत्तर प्रदेश)
राम सिंह (सुकमा, छत्तीसगढ़)
दुबराज कश्यप (सुकमा, छत्तीसगढ़)
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सुकमा के दोनों आरोपी पूरे नेटवर्क में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे थे। वे ओडिशा के मलकानगिरी जिले से गांजा लाकर जगदलपुर पहुंचाते थे। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य इस नशीले पदार्थ को राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते थे।
पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की गहन जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई बस्तर संभाग में नशे के बढ़ते नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में पुलिस की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे सप्लाई चेन की भी तलाश की जा रही है।



