रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। कई जिलों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
यह भी पढ़े :- Ganja Destruction : महासमुंद में पुलिस का बड़ा एक्शन…! 5 करोड़ का गांजा जलाया…ड्रग माफिया में हड़कंप…यहां देखें VIDEO
14 अप्रैल के बाद हीटवेव की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 अप्रैल के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) चल सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में देखने को मिलेगा, जहां दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं जनजीवन को प्रभावित करेंगी।
मौसम प्रणाली का असर
दक्षिण छत्तीसगढ़ से लेकर विदर्भ, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु तक फैला उत्तर-दक्षिण दिशा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। हालांकि यह प्रणाली बारिश नहीं ला रही है, लेकिन इसके कारण मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
राजधानी रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह और शाम हल्की गर्मी रहेगी, लेकिन दोपहर में गर्मी का असर अधिक रहेगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लें तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाएं।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है, ऐसे में लोगों को अभी से सावधानी बरतने की जरूरत है।



