राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो डोंगरगढ़ थाना परिसर के भीतर का बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कॉन्स्टेबल पैसे लेते नजर आ रहा है, जबकि सामने बैठे एएसआई मोबाइल पर एक महिला की तस्वीर को जूम कर देखते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई रोहित खूंटे और कॉन्स्टेबल लक्ष्मी शंकर कंवर को निलंबित कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, एएसआई रोहित खूंटे पर वर्दी में न रहने और विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में कार्रवाई की गई है, वहीं कॉन्स्टेबल लक्ष्मी शंकर कंवर पर रिश्वत लेने के आरोप में सस्पेंशन किया गया है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कॉन्स्टेबल 100-100 रुपये के नोट लेते हुए उन्हें अपनी जेब में रख रहा है। वहीं एएसआई मोबाइल फोन में किसी महिला की तस्वीर को जूम कर देखते नजर आ रहा है। वीडियो में कोर्ट में चालान पेश करने, जमानत और समझौते को लेकर बातचीत भी सुनाई दे रही है, साथ ही “मामला निपटाने” की चर्चा भी सामने आई है।
हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक पृष्ठभूमि अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती तौर पर यह वीडियो पिछले एक सप्ताह के भीतर का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के तहत दोनों पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र में लाइन अटैच कर दिया गया है और उन्हें एसपी की अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। मामले की आगे जांच जारी है।



