रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए इसे पूरी तरह असत्य बताया है।
यह भी पढ़े :- ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब सप्लाई में इस्तेमाल 16 गाड़ियां जब्त, डिस्टलरियों पर शिकंजा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बघेल अपनी कमजोरी छिपाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2023 में राज्य में सरकार बनने के बाद ही केंद्र स्तर पर नक्सल प्रभावित राज्यों की समीक्षा की गई, जिसमें यह सामने आया कि देश के 75 प्रतिशत से अधिक नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में केंद्रित था।
सीएम साय ने 31 मार्च को राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को प्रदेश की जनता की ओर से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद राज्य के विकास में बड़ी बाधा था और इसके खत्म होने से खासकर बस्तर क्षेत्र में तेजी से विकास होगा।
बघेल का पलटवार: ‘शाह झूठ बोल रहे, बहस को तैयार’
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने शाह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे समय और मंच तय करें, वे नक्सलवाद के मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हैं।
बघेल ने आरोप लगाया कि अमित शाह ने लोकसभा में गलत बयान दिया है कि उनकी सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ कोई मदद नहीं की। उन्होंने कहा, “शाह झूठ बोल रहे हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए और छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगनी चाहिए।”
नक्सलवाद के मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।



