रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन-8 में बकाया वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई। आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने 28 बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया, जिसमें 14 बकायेदारों के 8 व्यवसायिक परिसरों को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई वीर सावरकर नगर वार्ड-1, पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड-2, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड-19 और शहीद भगत सिंह वार्ड-21 क्षेत्रों में की गई। निगम द्वारा पूर्व में डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
अभियान के दौरान कई बकायेदारों ने कार्रवाई के बीच ही भुगतान कर राहत पाई। कुछ ने आंशिक भुगतान कर शेष राशि 31 मार्च तक जमा करने का आश्वासन दिया, वहीं कई ने मौके पर ही पूरा बकाया चुका दिया।
जोन-8 के अधिकारियों के अनुसार, बड़े बकायेदारों में लाखों रुपए की देनदारी शामिल है। बकाया नहीं चुकाने वालों के व्यवसायिक परिसरों को तत्काल ताला लगाकर सील किया गया, जबकि भुगतान करने वालों को राहत दी गई।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया नहीं चुकाने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।



