कोंडागांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम बैलगांव में लोक परंपराओं के बीच एक अनोखी शादी ने पूरे इलाके का ध्यान खींच लिया है। यहां एक युवक ने दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए। इस विवाह का निमंत्रण पत्र और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में मंत्री बंगले के पास वारदात, बाइक सवार युवकों ने नर्स पर किया हमला, पीठ में फंसा चाकू
दूल्हा हितेश (पुत्र गजेंद्र यादव, ग्राम बैलगांव) ने फुलबती (ग्राम शंकरपुर) और यामिनी (ग्राम बनियागांव) के साथ विवाह किया। शादी का कार्ड एक दूल्हे के साथ दो दुल्हनों के नाम से छपा हुआ है। वीडियो में दूल्हा दोनों दुल्हनों का हाथ थामे मंडप में फेरे लेते नजर आ रहा है।
शादी पूरी तरह से सामाजिक सहमति और गाजे-बाजे के साथ संपन्न हुई। 23 मार्च 2026 को हल्दी की रस्म (मंडपाच्छादन और हरिद्रालेपन) हुई, जबकि 24 मार्च 2026 को पाणिग्रहण, लगन और आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया। शादी में ग्रामीणों और दोस्तों ने खूब उत्सव मनाया, जिससे माहौल फिल्मी दृश्य जैसा बन गया।

ग्रामीणों के अनुसार, तीनों परिवारों की पूर्ण सहमति और समाज के बुजुर्गों के आशीर्वाद से यह विवाह कराया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।
हालांकि, भारत के मुख्यधारा के कानून के तहत एक साथ दो विवाह को वैध मान्यता नहीं है, लेकिन बस्तर की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था में ऐसे मामलों को स्थानीय स्तर पर स्वीकृति मिल जाती है।



