दुर्ग। कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक आवागमन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने व्यापक डायवर्सन योजना लागू करने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़े :- क्रिमिनल सिंडिकेट बनाकर किया भ्रष्टाचार, कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद – उपमुख्यमंत्री साव
इस संबंध में भिलाई सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देशन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने भाग लिया।
हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को नेवई–उतई–सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं सुपेला, भिलाई और रिसाली क्षेत्र से जाने वाले वाहन उतई–सेलूद–ढौर–अमलेश्वर मार्ग से गुजरेंगे।
रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहन चंदनीडीह–पुराना रपटा पुल या रायपुरा–महादेवघाट–अमलेश्वर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

भारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
भारी और मध्यम वाहनों के लिए अलग समय और मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कुछ प्रमुख मार्गों पर सुबह और शाम के समय भारी वाहनों की आवाजाही सीमित या प्रतिबंधित रहेगी।
राजनांदगांव और महासमुंद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित समय पर टोल प्लाजा और प्रमुख प्वाइंट्स पर रोका जाएगा।
डायवर्सन के दौरान अतिरिक्त व्यवस्था
निर्माण एजेंसी को मरम्मत कार्य के दौरान 24 घंटे वालेंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ब्रिज के दोनों ओर, सिरसा गेट चौक और अमलेश्वर क्षेत्र में क्रेन उपलब्ध रहेगी, ताकि खराब वाहनों को तुरंत हटाया जा सके।
डायवर्सन प्वाइंट्स पर स्पष्ट संकेतक बोर्ड, रूट मैप और दिशा-निर्देश फ्लेक्स लगाए जाएंगे। यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात कर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस अवधि में कुम्हारी मार्ग से बचें, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।



