लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद: जिले के छुरा ब्लॉक में स्थित निजी लक्ष्मीनारायणा हॉस्पिटल के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
यह भी पढ़े :- Breaking : छत्तीसगढ़ में लाल आतंक के दौर का अंत? मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर पापा राव करेंगे सरेंडर
दरअसल, बीते दिनों एक आदिवासी महिला और उसके नवजात की मौत का मामला सामने आया था, जिसमें परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की।
जांच में अस्पताल की ओर से इलाज में घोर लापरवाही सामने आई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसी आधार पर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया।

बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है, जब इस अस्पताल पर कार्रवाई हुई हो। इससे पहले भी इलाज में लापरवाही के मामलों में अस्पताल को सील किया जा चुका है। बावजूद इसके व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर प्रशासन ने इस बार सख्त रुख अपनाया है।

फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटा हुआ है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
मुख्य बिंदु:
जच्चा-बच्चा की मौत के बाद उठा विवाद
परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
जांच में लापरवाही की पुष्टि
नोटिस का जवाब असंतोषजनक
अस्पताल का लाइसेंस निलंबित




