रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में हुए चर्चित शकुंतला देवी हत्याकांड का आखिरकार खुलासा हो गया है। संपत्ति विवाद सुलझाने के लिए जिस व्यक्ति को बुलाया गया था, वही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला#रायपुर
।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में ‘अफीम बेल्ट’ का खतरा! लैलूंगा में फिर पकड़ी गई खेती, लगातार पांचवां मामला
मामले का खुलासा अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने किया है। पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अजय कुमार उर्फ लक्ष्मीसागर उर्फ राजनारायण मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर लाने के लिए पुलिस टीम गुजरात रवाना हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, शकुंतला देवी ने पारिवारिक संपत्ति विवाद सुलझाने के लिए आरोपी से चार लाख रुपये में समझौता किया था। आरोपी और उनका बेटा पहले एक अस्पताल में साथ काम कर चुके थे। सौदे के तहत आरोपी ने 10 हजार रुपये एडवांस लिया, लेकिन विवाद सुलझाने के बजाय फरार हो गया।
बाद में जब महिला उसे खोजते हुए उसके गांव पहुंची, तो आरोपी ने लूट के इरादे से रायपुर आकर वारदात को अंजाम दिया। अक्टूबर 2021 में पटेल चौक स्थित मकान में शकुंतला देवी का शव बरामद हुआ था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी केतन उर्फ केटी के साथ मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और घर से करीब 10 लाख रुपये नकद व 35 तोला सोना लूटकर फरार हो गया।
पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी ने अपना मोबाइल और आधार कार्ड का इस्तेमाल बंद कर दिया था। वह लगातार गोवा, मुंबई और अहमदाबाद में ठिकाने बदलता रहा। लूटा गया सोना उत्तर प्रदेश के कौशांबी में खपा दिया गया।
पुलिस अब आरोपी को रायपुर लाकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।



