रायपुर। दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में भी अफीम की खेती पकड़े जाने से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “फिर पकड़ी गई अफीम! मैंने पहले ही कहा था कि दुर्ग तो महज पर्दाफाश की शुरुआत थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि अफीम सहित सूखे नशे का कारोबार सुनियोजित तरीके से चल रहा है और इसे मुख्यमंत्री व गृहमंत्री का संरक्षण प्राप्त है।
बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि दुर्ग में अफीम की खेती करते पकड़े गए भाजपा नेता को विष्णुदेव सरकार ने मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि यह मामला काफी बड़ा है और भाजपा के लोग इस पूरे नशे के कारोबार में लिप्त हैं।
वहीं इस मामले में सरकार की ओर से मंत्री राजेश अग्रवाल ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि दुर्ग के बाद बलरामपुर जिले से भी अफीम की खेती की सूचना मिलने पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।
मंत्री ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और प्रदेश में कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो प्रशासन को तुरंत सूचित करें।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षों में गांजा तस्करी और अन्य नशे से जुड़े मामलों में लगातार बड़ी कार्रवाई की गई है। पहले कई मामलों में आरोपी पकड़े नहीं जाते थे, लेकिन अब पुलिस और प्रशासन की सख्ती के कारण लगातार कार्रवाई हो रही है।


