रायपुर। जिले के धरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा में होली के दिन नाचने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
प्रार्थी मयंक साहू (निवासी ग्राम सांकरा, थाना धरसींवा) ने थाना धरसींवा में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 4 मार्च 2026 को होली के दिन दोपहर करीब 2 बजे वह अपने छोटे भाई शिखर साहू, चचेरे भाई दीपांशु साहू, मोहनिश साहू और गिरीराज साहू के साथ बजरंग चौक में होली खेल रहा था। इसी दौरान गांव के हिम्मत मनहर अपने साथियों लोकेश्वर घृतलहरे, हरीश डहरिया और कोमल मनहर के साथ वहां पहुंचे और नाचने लगे। नाचते समय वे शिखर साहू को धक्का-मुक्की करने लगे। शिखर ने आराम से नाचने के लिए कहा तो विवाद बढ़ गया। मयंक ने सबको समझा-बुझाकर भेज दिया।
शाम करीब 5 बजे मोहनिश साहू ने बताया कि हिम्मत मनहर अपने साथियों के साथ शिखर पर मारपीट कर रहा है। मौके पर पहुंचकर मयंक ने देखा कि लोकेश्वर घृतलहरे, हरीश डहरिया, कोमल मनहर और हिम्मत मनहर मिलकर शिखर को हाथ-मुक्कों से पीट रहे थे। हिम्मत ने पैंट से चाकू निकालकर शिखर पर वार किया, जिसे शिखर ने हाथ से पकड़ लिया। मयंक बीच-बचाव करने लगा तो आरोपियों ने कहा, “आज जान से मारकर खत्म कर दो।” लोकेश्वर घृतलहरे ने जेब से चाकू निकालकर मयंक पर वार किया और उसके दाहिने सीने में चाकू घोंप दिया। बाकी आरोपियों ने शिखर को दबोच रखा। इसके बाद सभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
रिपोर्ट पर थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 123/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 3(5) (सामान्य इरादा) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक लम्बोदर पटेल और चौकी प्रभारी सिलतरा उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह कंवर को तुरंत आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी सिलतरा पुलिस की टीम ने पीड़ित, उसके भाई और गवाहों से विस्तृत पूछताछ की। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार रेड डालकर लोकेश्वर उर्फ लुकेश्वर घृतलहरे, कोमल बंजारे, हिम्मत मनहर और हरीश डहरिया को पकड़ लिया। पूछताछ में सभी ने घटना को अंजाम देने की बात कबूल की।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो धारदार चाकू और एक मोटरसाइकिल जप्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
लोकेश्वर उर्फ लुकेश्वर घृतलहरे, पिता ओमप्रकाश घृतलहरे, उम्र 18 वर्ष 6 माह, निवासी सतनामी पारा, ग्राम सांकरा, थाना धरसींवा, जिला रायपुर।
कोमल बंजारे, पिता भुवन लाल बंजारे, उम्र 19 वर्ष, निवासी डबरी पारा, अटल चौक, सांकरा, थाना धरसींवा, जिला रायपुर।
हिम्मत मनहर, पिता आनंद मनहर, उम्र 19 वर्ष, निवासी अटल चौक, ग्राम सांकरा, थाना धरसींवा, जिला रायपुर।
हरीश डहरिया, पिता कृष्ण कुमार डहरिया, उम्र 22 वर्ष, निवासी लक्ष्मी नगर, वार्ड क्रमांक 11, आंगनबाड़ी के पास, सांकरा, थाना धरसींवा, जिला रायपुर।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित शिखर साहू का इलाज चल रहा है और हालत स्थिर है। मामले की गहन जांच जारी है।



