छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने हड़कंप मचा दिया। जशपुर और बलौदाबाजार जिलों में हुए इन हादसों में कुल 10 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जशपुर :- जशपुर जिले में करडेगा से कुनकुरी जा रही एक यात्री बस दुलदुला के गोडाअम्बा के पास पलट गई। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में 6 की मौत और कई लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही दुलदुला थाना और करडेगा पुलिस चौकी की टीम मौके के लिए रवाना हो गई।
वहीं बलौदाबाजार जिले में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सिमगा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सिमगा-दामाखेड़ा मार्ग पर दरचूरा के पास एक मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने यात्री बस को टक्कर मार दी, जिससे बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 4 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी हुई है।



