जगदलपुर। कोतवाली थाना जगदलपुर का कार्यभार संभालते ही टीआई शिवानंद सिंह एक्शन मोड में नजर आए। उन्हें कोतवाली थाने का कार्यवाहक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने ध्वनि प्रदूषण को लेकर सख्त कदम उठाए।
बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना परिसर में जगदलपुर क्षेत्र के डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य परीक्षा काल को ध्यान में रखते हुए विवाह, सामाजिक व अन्य आयोजनों में डीजे संचालन संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना था।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का पालन अनिवार्य है तथा रात 10 बजे के बाद बिना सक्षम अनुमति डीजे या लाउडस्पीकर का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत तय डेसिबल सीमा का पालन करने को कहा गया।
पुलिस ने चेतावनी दी कि तेज आवाज, सार्वजनिक शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति में संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी डीजे संचालकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। नियमों के उल्लंघन पर ध्वनि प्रदूषण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



