धमतरी। ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर सख्ती दिखाते हुए धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना मगरलोड पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए ऑनलाइन ठगी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।
पुलिस ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त अनलॉजमेंट नंबर के आधार पर म्यूल अकाउंट लेयर-1 की जांच की गई। जांच में सामने आया कि 09 जनवरी 2026 को बैंक ऑफ बड़ौदा, मेघा शाखा के एक खाते में ऑनलाइन ठगी के माध्यम से 24 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई।
गिरफ्तार आरोपी धमेन्द्र कुमार साहू (27), पिता भगोली राम साहू, निवासी बेलोरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी पाया गया। विवेचना में खुलासा हुआ कि एक व्यक्ति ने पीड़िता को धनलक्ष्मी बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर उसका मोबाइल लेकर फोन-पे पासवर्ड प्राप्त किया और आरोपी के खाते के क्यूआर कोड के माध्यम से 24 हजार रुपये की ठगी की।
बैंक स्टेटमेंट और पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चॉइस सेंटर संचालन से जुड़ी किसी सरकारी गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहा था और लेन-देन का कोई रजिस्टर संधारित नहीं किया गया था। आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया।
थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 06/26, धारा 317(2), 317(4), 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने म्यूल अकाउंट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह ऐसा बैंक खाता होता है, जिसे कोई व्यक्ति अपने नाम से खोलकर या दूसरों को उपयोग करने देता है, ताकि अपराध से अर्जित धन का लेन-देन किया जा सके। साइबर ठग ऐसे खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश, लोन ऐप और ओटीपी फ्रॉड में करते हैं। कानूनन इसकी जिम्मेदारी खाताधारक की ही होती है।



