रायपुर। थाना खमतराई क्षेत्रांतर्गत डब्ल्यू.आर.एस. कालोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले मुख्य आरोपी के रूप में पड़ोसी ही सामने आया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सोना-चांदी और मोबाइल फोन सहित लगभग 1 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद हुआ है।
प्रकरण की जानकारी के अनुसार, प्रार्थी होरी पाल (निवासी डब्ल्यू.आर.एस. कालोनी, खमतराई) ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे 16 जनवरी 2026 को परिवार सहित गृह ग्राम महासमुंद गए थे। 20 जनवरी को पड़ोसी रवि स्वामी ने फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और चोरी हुई है। घर लौटकर देखा तो दरवाजे और आलमारी का ताला टूटा था, सामान बिखरा था और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी रकम गायब थे।
शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 38/26 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की। आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ में पड़ोसी रवि स्वामी बार-बार बयान बदलकर टीम को गुमराह करता रहा। कड़ी पूछताछ में रवि स्वामी ने अपने साथी राहुल ध्रुव के साथ मिलकर चोरी की वारदात स्वीकार की।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सोना-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन सहित लगभग 1,00,000 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया। प्रकरण में धारा 283, 3(5) बी.एन.एस. भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
रवि स्वामी, पिता कुमार स्वामी, उम्र 30 साल, निवासी शिवनगर, डब्ल्यू.आर.एस. कालोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
राहुल ध्रुव, पिता परशुराम ध्रुव, उम्र 24 साल, निवासी शिवनगर, डब्ल्यू.आर.एस. कालोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
पुलिस ने बताया कि जांच में आरोपी ने वारदात की पूरी योजना स्वीकार की है। मुख्य आरोपी पड़ोसी होने से घटना और भी चौंकाने वाली है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है और संलिप्त अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।



