मुंगेली। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने मुंगेली जिला अध्यक्ष के निलंबन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। इसी क्रम में आज संभाग स्तरीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय घेराव का निर्णय लिया गया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में जबरदस्त हलचल मच गई है।
संघ का कहना है कि मुंगेली के जिला बनने के बाद यह पहला मौका है, जब किसी प्रशासनिक निर्णय के विरोध में इतना संगठित, व्यापक और लोकतांत्रिक आंदोलन किया जा रहा है। इस घेराव में संभाग के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी शामिल होंगे।
संघ पदाधिकारियों ने निलंबन को कर्मचारियों की आवाज दबाने की साजिश करार देते हुए कहा कि इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका स्पष्ट कहना है कि यह आंदोलन केवल एक पदाधिकारी के निलंबन का मुद्दा नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई है।
संघ ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही इस मामले में न्यायपूर्ण और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र एवं व्यापक रूप दिया जाएगा। आने वाले दिनों में यह आंदोलन पूरे संभाग में फैल सकता है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि निलंबन के फैसले के बाद से कर्मचारियों में भारी रोष है। वे इसे मनमानी और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई मानते हैं। घेराव के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखी जाएंगी, लेकिन यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे के कदम और सख्त होंगे।



