गरियाबंद। राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में हुई अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही 11 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
यह भी पढ़े :- ऑपरेशन निश्चय: रायपुर में हिस्ट्रीशीटर गांजा के साथ गिरफ्तार, एक्टिवा जब्त
पुलिस के अनुसार, मृतक हितेश्वर तारक उर्फ चंदु तारक, जो थाना राजिम का चिन्हित बदमाश था और उसके खिलाफ मारपीट व चोरी के 8 मामले तथा 9 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दर्ज थीं, की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई।
आरोपियों ने मृतक को उसके घर से जबरदस्ती घसीटते हुए कोपरा से बोरसी रोड के किनारे ले जाकर लाठी, डंडे और पत्थरों से मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) एवं अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। संदेहियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें सभी आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। आगे की जांच जारी है।



