रायपुर। एसआईआर (विशेष जांच रिपोर्ट) को लेकर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि जांच के दौरान घुसपैठ कर रह रहे लोग पकड़े जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गृह मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा ऐसे लोगों को कान पकड़कर बाहर निकाला जाएगा और जरूरत पड़ी तो उन्हें बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में जितनी भी जांच जरूरी होगी, उसे पूरी गंभीरता के साथ अंजाम दिया जाएगा और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
अलसुबह पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समाज के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस जांच में सहयोग किया जाना चाहिए, चाहे कार्रवाई किसी के भी खिलाफ क्यों न हो। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून सबके लिए समान है और जांच में बाधा डालना किसी भी सूरत में उचित नहीं है।
मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़ की घटना को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा गिरफ्तारी दिए जाने पर गृह मंत्री ने कहा कि मॉल में जो भी घटनाएं हुई हैं, उन पर कानून के मुताबिक कार्रवाई जारी है। दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
इसके अलावा गार्ड ऑफ ऑनर की परंपरा समाप्त किए जाने के फैसले पर विजय शर्मा ने कहा कि सरकार जनता जनार्दन के साथ खड़ी है। गार्ड ऑफ ऑनर जैसी परंपराओं की अब कोई आवश्यकता नहीं रह गई है, क्योंकि इससे अनावश्यक बल और सरकारी संसाधनों की खपत होती थी।



