बिलासपुर। न्यायधानी में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। व्यापार विहार स्थित नीरज ट्रेडर्स के गोदाम में भीषण आग लग गई, वहीं देर रात लिंक रोड से सीएमडी कॉलेज चौक के पास स्थित जैन प्लाजा में भी आगजनी की बड़ी घटना सामने आई। लगातार दो स्थानों पर हुई आग की घटनाओं से शहर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ बंद के दौरान मैग्नेटो मॉल में बवाल, तोड़फोड़ मामले में FIR, दर्जनभर हिरासत में — बजरंग दल का विरोध तेज
व्यापार विहार स्थित नीरज ट्रेडर्स के गोदाम में आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग में गोदाम में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
इसी बीच रात में लिंक रोड से सीएमडी कॉलेज चौक के पास स्थित जैन प्लाजा के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित एक क्लीनिक में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
दमकल विभाग के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। लगातार आगजनी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा दोनों मामलों की जांच की जा रही है।



