अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सीतापुर थाना क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक दिनेश गुप्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर के भीतर उनका शव फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनेश गुप्ता सीतापुर के केरजू धान खरीदी केंद्र में प्रबंधक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार रात से मानसिक रूप से परेशान थे। रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच घर लौटने के बाद उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
सूत्रों के मुताबिक, आत्महत्या के पीछे पैसों के लेन-देन से जुड़ा मामला भी सामने आ रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों व संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।



