Amar Singh Chahal Case : पंजाब पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर जनरल (IG) अमर सिंह चहल शनिवार को अपने आवास पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए पटियाला के पार्क हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह भी पढ़े :- “जो कहा, वह किया, और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया”: केंद्रीय मंत्री नड्डा
परिजनों के अनुसार, अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मारी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस को घटनास्थल से एक 12 पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस नोट में ऑनलाइन ठगी के कारण आर्थिक संकट का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं परिजनों और संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
DGP से की अपील
परिजनों ने बताया कि अमर सिंह चहल के साथ कथित तौर पर 8 करोड़ रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई थी। इसी संदर्भ में उन्होंने पंजाब के डीजीपी के नाम 12 पेज का पत्र लिखा है, जिसमें इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की गई है। (Amar Singh Chahal Case)
फरीदकोट फायरिंग केस में आरोपी
गौरतलब है कि अमर सिंह चहल वर्ष 2015 के फरीदकोट फायरिंग मामले में आरोपी हैं। इस मामले में 24 फरवरी 2023 को एडीजीपी एलके यादव के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने फरीदकोट की अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें अमर सिंह चहल सहित कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच जारी है। (Amar Singh Chahal Case)



