रायपुर। रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रायपुर के निर्देश पर ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों से जुड़े मामलों में देश के अलग-अलग राज्यों के 18 से अधिक पुलिस थानों और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए यह सफलता मिली। प्रार्थी सतीश शर्मा, रायपुर ने रेंज साइबर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के नाम पर उनसे 44 लाख रुपये की ठगी की गई है। इस पर अपराध क्रमांक 5/24, धारा 318(4), 111, 3(5) बीएनएस एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की गई। जांच में सामने आया कि कंवलजीत सिंह विग और उज्ज्वल जायसवाल ने म्यूल खातों के माध्यम से अन्य साथियों की मदद से प्रार्थी से रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा करवाई। इन खातों में कई राज्यों से जुड़ी 18 से अधिक शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
कंवलजीत सिंह विग, पिता प्रद्युम्न सिंह विग, उम्र 38 वर्ष, निवासी डोंगर परासिया, छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश)
उज्ज्वल जायसवाल, पिता उपेन्द्र जायसवाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी भिलाई, जिला दुर्ग



