सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। अंबिकापुर स्थित आर्यन होटल में छापेमारी कर पुलिस ने होटल मैनेजर मौजी लाल जायसवाल, कर्मचारी एकलव्य पैकरा और एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जिसके बाद अब तक कुल सात लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
यह भी पढ़े :- असम में बड़ा ट्रेन हादसा: राजधानी एक्सप्रेस से कटे 8 हाथी, 5 डिब्बे पटरी से उतरे
मामला अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 10 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाशवाणी चौक के पास एक मकान में अवैध रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान 10 दिसंबर को एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि उसका पति सुनील कुमार और हेमंत दास भी इस रैकेट में शामिल थे, जो लड़कियों को ग्राहकों तक लाने-ले जाने का काम करते थे। 13 दिसंबर को पुलिस ने दोनों आरोपियों और एक अन्य महिला को हिरासत में लिया।
इसके बाद 19 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि अंबिकापुर अर्बन चौपाटी के पास स्थित आर्यन होटल में सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने तत्काल होटल में दबिश दी और होटल मैनेजर, कर्मचारी और एक महिला को गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि होटल प्रबंधन द्वारा आरोपियों को ठहरने और अन्य गतिविधियों में सहयोग किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



