महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बकाया भुगतान को लेकर मानसिक तनाव में चल रहे एक युवक ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। इस घटना में युवक का दाहिना हाथ कट गया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़े :- एसआईआर की ड्यूटी में उलझा राजस्व अमला, तहसीलों में जमीन से जुड़े एक लाख से ज्यादा मामले लंबित
जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान लोकेश चंद्राकर (27) के रूप में हुई है, जो बेमचा गांव का रहने वाला है। वह पूर्व कांग्रेस विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर के करीबी ठेकेदार अविनाश चंद्राकर के साथ पेटी कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करता था। आरोप है कि अविनाश चंद्राकर पर लोकेश के करीब 57 लाख रुपए बकाया थे, जो लंबे समय से नहीं मिले थे।
बताया जा रहा है कि लोकेश को निर्माण कार्य में लगे मटेरियल और मजदूरों का भुगतान करना था, लेकिन दीपावली के बाद से उसे कोई रकम नहीं मिली। लगातार भुगतान अटके रहने से वह मानसिक तनाव में था। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें लेनदारी का उल्लेख है।
घटना से कुछ घंटे पहले लोकेश की अविनाश चंद्राकर से फोन पर बातचीत हुई थी। कॉल रिकॉर्ड में लोकेश रोते हुए कहता है कि वह समझ नहीं पा रहा कि भगवान उसकी परीक्षा ले रहे हैं या फिर अविनाश। जवाब में अविनाश ने इसे परीक्षा मानने की बात कही। बातचीत के दौरान लोकेश ने कहा कि वह मरने जा रहा है।
मंगलवार रात लोकेश बेलसोंड़ा रेलवे ट्रैक पहुंचा और मालगाड़ी के सामने कूद गया। इस हादसे में उसका दाहिना हाथ कट गया, हालांकि उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और सिटी कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। घायल को 108 एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, बाद में परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों का कहना है कि दीपावली के बाद से लगातार पेमेंट नहीं मिलने के कारण लोकेश तनाव में था। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है। वहीं ठेकेदार अविनाश चंद्राकर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन मोबाइल बंद होने के कारण उसका पक्ष नहीं मिल सका। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



