सुकमा। जिले के गोलापल्ली थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल-पहाड़ी इलाके में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह से भीषण मुठभेड़ जारी है। अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य के घायल होने की सूचना है। मुठभेड़ स्थल से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए जाने की खबर भी सामने आई है।
यह भी पढ़े :- नए विधानसभा भवन में मीडिया का बहिष्कार, 25 साल में पहली बार ‘कैमरा डाउन’
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर जिला पुलिस बल की डीआरजी टीम 18 दिसंबर की अल सुबह सर्च ऑपरेशन पर रवाना हुई थी। अभियान के दौरान पहाड़ी पर पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू की।
समाचार लिखे जाने तक दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और अतिरिक्त बल तैनात कर ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है। क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
सुकमा एसपी किरण चव्हाण लगातार ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।



