ACB Action in Chhattisgrah : छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ACB की टीम ने बिलासपुर जिले की बोदरी नगर पंचायत में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) भारती साहू और कार्यालय बाबू सुरेश सीहोरे को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस ने भाजपा दफ्तर घेरा
एसीबी सूत्रों के अनुसार, यह रिश्वत मकान का नक्शा पास करने के एवज में मांगी गई थी। इस संबंध में 12 दिसंबर 2025 को सरकंडा के नूतन चौक निवासी वेदराम निर्मलकर ने ACB बिलासपुर इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बोदरी स्थित उनकी भूमि पर मकान निर्माण के लिए प्रस्तुत नक्शे को स्वीकृत करने के बदले कार्यालय बाबू सुरेश सीहोरे ने 47,257 रुपये की वैधानिक फीस और 20 हजार रुपये के डिमांड ड्राफ्ट के अलावा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान प्रार्थी की बातचीत में बाबू सुरेश सीहोरे और CMO भारती साहू द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आपसी सहमति से रिश्वत की राशि 15 हजार से घटाकर 12 हजार रुपये तय की गई, जिस पर ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।
योजना के तहत आज प्रार्थी द्वारा दिए गए 12 हजार रुपये की रिश्वत बाबू सुरेश सीहोरे ने स्वीकार की। इसी दौरान पहले से तैनात ACB की टीम ने नगर पंचायत कार्यालय बोदरी में दबिश देकर बाबू सुरेश सीहोरे और CMO भारती साहू को गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की पूरी रकम 12 हजार रुपये बाबू के कब्जे से बरामद कर ली गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि नगर पंचायत बोदरी में पदस्थ CMO भारती साहू कथित तौर पर कार्यालय के कर्मचारियों के माध्यम से अवैध वसूली कराती थीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा भी अवैध वसूली की शिकायतें पहले की जा चुकी थीं। आरोप है कि कार्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए ‘रेट’ तय था और बिना रिश्वत के नक्शा पास नहीं किया जाता था।
ACB ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



