रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब में भारी मुनाफे का झांसा देकर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले 6 अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों के खिलाफ देशभर के 115 थाना और साइबर सेल में पहले से ही शिकायतें दर्ज हैं।
यह भी पढ़े :- जंगल के रास्ते ओडिशा का धान खपाने की कोशिश, 103 पैकेट धान जब्त
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इन ठगों की पहचान कर कार्रवाई की।
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 40 लाख की ठगी, मुंबई–नागपुर से आरोपी दबोचा
खमारडीह थाना क्षेत्र में विरल कुमार पटेल से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर 40 लाख रुपये की ठगी की गई। जांच में मुख्य आरोपी विपुल पाटने (बांद्रा, मुंबई) की पहचान हुई, जो वारदात के बाद नागपुर में छिपा हुआ था। आरोपी फर्जी कंपनी यूनिक इंटरप्राइजेज के नाम से बैंक खाते खोलकर ठगी की रकम हासिल करता था। उसके खातों से जुड़े मामलों में देश के 69 थानों में रिपोर्ट दर्ज है।
30 लाख की ठगी, छिंदवाड़ा से आरोपी गिरफ्तार
पंडरी थाना क्षेत्र में अंचित कुमार सिन्हा से 30 लाख रुपये की ठगी के मामले में शोएब अख्तर (छिंदवाड़ा, मप्र) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी एस एस फ्रूट नाम की फर्जी कंपनी के जरिए बैंक खाते खोलकर धोखाधड़ी करता था। उसके खातों से जुड़े 16 साइबर मामलों की पुष्टि हुई है।
46 लाख की साइबर ठगी, इंदौर से दो आरोपी गिरफ्तार
आमानाका थाना क्षेत्र में राहुल कुमार से 46 लाख रुपये की ठगी के मामले में पूनमचंद वर्मा और कल्लू मंसूरी (दोनों इंदौर निवासी) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खातों से जुड़े 26 थानों में केस दर्ज पाए गए हैं। पूछताछ में अन्य सहयोगियों की जानकारी भी सामने आई है।
ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 15 लाख की ठगी
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में केयूरी मजीथीया से ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर 15 लाख रुपये ठगने वाले सुहैल अहमद (पन्ना, मप्र) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ केरल में भी मामला दर्ज है।
12 लाख की ठगी, पंजाब तक फैला नेटवर्क
उरला थाना क्षेत्र में खेमचंद पटेल से शेयर ट्रेडिंग में अत्यधिक लाभ का लालच देकर 12 लाख रुपये की ठगी करने वाले जयंत अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी शिकायत दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
- 1. जयंत अहिरवार (23 वर्ष) – सीहोर, मध्यप्रदेश
- 2. सुहैल अहमद (31 वर्ष) – पन्ना, मध्यप्रदेश
- 3. विपुल पाटने (28 वर्ष) – बांद्रा, मुंबई (हाल नागपुर)
- 4. पूनमचंद वर्मा (54 वर्ष) – इंदौर, मध्यप्रदेश
- 5. कल्लू मंसूरी (46 वर्ष) – इंदौर, मध्यप्रदेश
- 6. शोएब अख्तर (27 वर्ष) – छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।



