रायपुर । सूरजपुर जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र से लगे भैंसामुंडा क्षेत्र के जंगल में एक बाघ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से वन अमले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़े :- जुए का ‘अड्डा’ सील! एंटी क्राइम यूनिट की बड़ी कार्रवाई, मचा हड़कंप
प्राथमिक जांच में बाघ के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे शिकारी हमले की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग द्वारा शव का परीक्षण किया जा रहा है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ वन अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है। आसपास के जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में जिला वन मंडल अधिकारी आलोक बाजपेई ने बताया कि घटनास्थल सूरजपुर जिले के अंतर्गत आता है और यह एक सरहदी वन क्षेत्र है, जहां बाघ जैसे संरक्षित वन्यजीवों की विशेष निगरानी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बाघ की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना ने क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।



