रायपुर : बॉलीवुड अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन के परिवार से जुड़े तीन कोल कारोबारियों ने जीएसटी जांच के बाद 27.11 करोड़ रुपए का जीएसटी सरेंडर किया है। यह पूरे छत्तीसगढ़ में स्टेट जीएसटी विभाग की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
यह भी पढ़े :- धान खरीदी में बड़ा बदलाव! ‘तुंहर टोकन ऐप’ 24×7 उपलब्ध, अब जब चाहें तब काटें टोकन, जानें नई प्रक्रिया
स्टेट जीएसटी की टीम ने शुक्रवार सुबह शहर के तीन प्रमुख कोल कारोबारियों के कुल 11 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बिलासपुर स्थित महावीर कोल कंपनी, पारस कोल ट्रेडिंग सहित अन्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। टीम ने स्टॉक, खरीदी-बिक्री, वॉश कोल, कच्चा कोल, रिजेक्ट और रिफाइंड कोल से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया।
जांच में खनिज विभाग की वेबसाइट पर दर्ज स्टॉक और मौके पर मौजूद डंप माल के बीच भारी अंतर पाया गया। शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह तक चली कार्रवाई में महावीर कोल कंपनी में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद शनिवार तड़के करीब 4 बजे कंपनी के मालिक ने 10 करोड़ रुपए सरेंडर करने की सहमति दी।
पारस कोल ट्रेडिंग ने 6.50 करोड़ रुपए का जीएसटी सरेंडर किया, जिसमें से 3 करोड़ 20 लाख रुपए शनिवार को ही स्टेट जीएसटी विभाग को ट्रांसफर कर दिए गए। वहीं तीसरे कोल कारोबारी द्वारा 11.11 करोड़ रुपए का सरेंडर किया गया है।
स्टेट जीएसटी विभाग ने जांच के बाद कुल 27.11 करोड़ रुपए का जीएसटी सरेंडर कराया है। विभाग के अनुसार मामले की आगे भी विस्तृत जांच जारी है।



