रायपुर : सूरजपुर जिले के लांछा गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जिला अस्पताल की लापरवाही के चलते एक गर्भवती महिला और उसके नवजात की मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में नाराजगी और चिंता का माहौल बना दिया है।
यह भी पढ़े :- पूर्व उपसरपंच सूर्यप्रकाश बघेल हत्याकांड का खुलासा, दो भाई हिरासत में
परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण महिला को समय पर आवश्यक इलाज नहीं मिल सका। मजबूरी में अस्पताल प्रशासन ने महिला को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला को सुबह करीब 5 बजे अंबिकापुर ले जाते समय रास्ते में प्रसव हो गया। दुर्भाग्यवश, नवजात की जन्म के समय ही मौत हो गई। महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



