CG Crime : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पूर्व उपसरपंच सूर्यप्रकाश बघेल की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस वारदात को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था। पुलिस ने गांव के दो भाइयों को हिरासत में लिया है, जिन्हें पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- जीवन ठाकुर की मौत के बाद बस्तर बंद, बाजार रहे बंद, जांच की उठी मांग
जानकारी के अनुसार, 4 दिसंबर को सूर्यप्रकाश बघेल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भैंसाझार जंगल और डैम क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। 5 दिसंबर को झाड़ियों के बीच से लापता पूर्व उपसरपंच का शव और उनकी मोटरसाइकिल बरामद की गई। मौके पर पुलिस के साथ एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम भी पहुंची थी।
जांच के दौरान पुलिस ने गांव के ही रंजीत खाण्डे और सुधीर खाण्डे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि हत्या लोहे के पाइप और लकड़ी के बेंत से की गई थी।
एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि गुमशुदगी की शिकायत के बाद पुलिस लगातार जांच कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक का शव और बाइक बरामद की गई। जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई, जिसके बाद दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। घटना में प्रयुक्त बाइक, लोहे की रॉड और लकड़ी का बेंत भी जब्त कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।



