रायपुर। राज्य में मेडिकल पीजी सीटों के राज्य कोटे में की गई कटौती को लेकर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने गंभीर आपत्ति जताई है। महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मांग की है कि कम से कम 50 प्रतिशत पीजी मेडिकल सीटें छत्तीसगढ़ के छात्रों के लिए सुरक्षित रखी जाएं, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।
महंत ने अपने पत्र में लिखा है कि राज्य कोटे की सीटें 50 प्रतिशत से घटकर केवल 25 प्रतिशत रह गई हैं, जिससे प्रदेश के मेडिकल छात्रों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर मेडिकल कॉलेजों के जूनियर डॉक्टर और छात्र प्रतिनिधि उनसे मिले थे, जिन्होंने राज्य सरकार से सकारात्मक हस्तक्षेप की उम्मीद जताई है।

हालिया संशोधन से बढ़ी बाहरी छात्रों की सीटें
गौरतलब है कि हाल ही में राज्य सरकार ने गजट नोटिफिकेशन जारी कर एमडी-एमएस (पीजी) प्रवेश नियमों में संशोधन किया है। संशोधन के बाद बाहरी राज्यों के छात्रों के लिए सीटें बढ़ने की संभावना है। पहले सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में आधी सीटें छत्तीसगढ़ में एमबीबीएस कर चुके छात्रों के लिए आरक्षित रहती थीं, लेकिन अब इस संरचना में बदलाव किया गया है।
नए नियमों के लागू होने के बाद अधिकारियों के सामने यह चुनौती भी खड़ी हो गई है कि पूर्व नियमों के आधार पर जारी प्रक्रियाओं को कैसे समायोजित किया जाए। वहीं निजी मेडिकल कॉलेजों में सीट आवंटन व्यवस्था पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।



