कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा मेले की भीड़ का फायदा उठाकर नकली नोट चलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 200 रुपये के जाली नोटों से मेले में खरीदारी कर रहे थे। खिलौने बेचने और ठेला लगाने की आड़ में नकली नोट बाजार में खपाने का खेल चल रहा था। एक ठेला संचालक को नोट पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 रुपये के 15 जाली नोट बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 3,000 रुपये है। मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने किया।
दशहरा मेले में भीड़ का फायदा उठाकर चला रहे थे नकली नोट
पुलिस के मुताबिक, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरपी नगर फेज-1 का है। आरोपी दशहरा मेले में लगी दुकानों और ठेलों पर सामान खरीदने के बहाने 200 रुपये के नकली नोट चला रहे थे। भीड़भाड़ के कारण दुकानदारों की नजर से बचकर जाली नोट खपाना उनके लिए आसान हो रहा था।
आरोपी खिलौने बेचने और ठेला लगाने की आड़ में इस गतिविधि को अंजाम दे रहे थे। वे सामान खरीदते समय नकली नोट देकर बाजार में उन्हें चलाने की कोशिश कर रहे थे।
ठेला संचालक को हुआ शक, पुलिस ने दबोचे आरोपी
इसी दौरान एक ठेला संचालक को 200 रुपये के नोट को छूने पर उसके नकली होने का संदेह हुआ। दुकानदार ने सूझबूझ दिखाते हुए चुपचाप सिविल लाइन थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 200 रुपये के 15 जाली नोट बरामद हुए।
साधारण कागज पर छाप रहे थे 200 रुपये के नकली नोट
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साधारण कागज पर 200 रुपये के नोट की छपाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, शंभू नाम का एक युवक जाली नोट तैयार करता था, जबकि दूसरा आरोपी उन्हें बाजार और मेले में चलाने का काम करता था।
बताया गया है कि दोनों ने हाल ही में नकली नोट चलाने का काम शुरू किया था। हालांकि, ज्यादा नोट बाजार में खपाने से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह के अन्य सदस्यों और छपाई के ठिकाने की तलाश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपियों के निवास स्थान, अब तक बाजार में चलाए गए नकली नोटों की संख्या और जाली नोट छापने के ठिकाने की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।




