दुर्ग। फॉरेक्स ट्रेडिंग इंस्टीट्यूट खोलने और निवेश पर बेहतर मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर 18 लाख 63 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मीनल चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक कार भी जब्त की है।
एएसपी शोजराज अग्रवाल के मुताबिक, कृषि व्यवसाय से जुड़े अक्षय राठौर की मुलाकात एक परिचित के जरिए मीनल चौहान से हुई थी। आरोप है कि मीनल ने रायपुर के वीआईपी चौक स्थित करेंसी टावर में फिनविज़न ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शुरू करने की जानकारी दी और निवेश के बदले अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया।
पुलिस के अनुसार, दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच स्टाफ की सैलरी, ऑफिस किराया, मेंटेनेंस और विज्ञापन सहित अन्य खर्चों के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 21 लाख 96 हजार रुपये से अधिक जमा कराए गए। इनमें से करीब 3 लाख 33 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 18 लाख 63 हजार रुपये से अधिक की रकम बकाया रह गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 318(4) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया। जांच के बाद आरोपी मीनल चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




